मणिपुर के चंदेल जिले के चकपी करोंग इलाके में स्थानीय स्तर पर बनी शराब पीने से मरने वालों की संख्या 15 तक पहुंच गई है। जिला मुख्यालय के सुमिल लांगहू के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक यह आंकड़ा सामने आया। शिजा अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान, इंफाल में करीब 150 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि बाबिना अस्पताल में भी कई मरीज भर्ती बताए जा रहे हैं। प्रभावित लोग ज्यादातर चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें वयस्क से लेकर अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं। शराब में जहरीला मेथनॉल मिले होने का शक जताया जा रहा है और कई मरीजों में मेथनॉल जहर से जुड़े लक्षण पाए गए हैं।
शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने कहा कि मरीजों के पहुंचने से पहले ही उन्हें चंदेल जिले की घटना की जानकारी मिल गई थी। उनके मुताबिक, अस्पताल में अब तक 140 मरीज आ चुके हैं, जिनमें एक की मौत हो चुकी है। वह मरीज अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। तीन मरीजों की हालत गंभीर है और उनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है। डॉ. हुंडोंगबाम ने बताया कि मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की क्षमता पर दबाव बढ़ गया है और तैयार बिस्तर भर चुके हैं। मदद के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग, क्षेत्रीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान और जेनिम्स से संपर्क किया गया है। गंभीर मरीजों को यहीं इलाज दिया जाएगा, जबकि अन्य को दूसरे अस्पतालों में भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शिजा अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया और प्रभावित मरीजों तथा मेडिकल टीमों से मुलाकात की। डॉ. हुंडोंगबाम के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभी मरीजों को भरोसा दिलाया कि राज्य का स्वास्थ्य विभाग हर संभव मदद करेगा। सुमिल लांगहू ने बताया कि पिछले दो से तीन दिनों में यह मामला सामने आया है और मिली रिपोर्ट के मुताबिक लोगों की हालत शराब पीने से बिगड़ी है। शराब कहां से आई थी, इसकी उन्होंने पक्की जानकारी देने से इनकार किया। उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि मुख्यमंत्री ने आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया है। बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों को लेकर एक और बस अस्पताल के लिए रवाना हुई थी, जिससे मृतकों और भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका है।