इस्लामाबाद में शुक्रवार को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। यह समझौता 7 अगस्त को तीनों देशों ने किया था, जिसमें बाहरी हमले से साझा सुरक्षा का प्रावधान है। यह बैठक ऐसे समय हुई जब यमन के हूतियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। हालांकि पाकिस्तान और तुर्की ने हूतियों के खिलाफ सऊदी के मोहम्मद बिन सलमान का सीधा साथ देने के संकेत नहीं दिए हैं।

बैठक में पैक्ट की रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति की दूसरी बैठक के तहत सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों की समीक्षा की गई और सामूहिक रक्षा तथा आपसी एकजुटता के संकल्प को दोहराया गया। सदस्य देशों ने एक राय से सऊदी अरब में नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर हूतियों के हमलों की निंदा की। सऊदी विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों की समीक्षा हुई और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

समिति ने 31 अगस्त को इस्तांबुल में हुई पहली बैठक और 5 अक्टूबर को रियाद की आपात बैठक के परिणामों तथा उनके कार्यान्वयन में हुई प्रगति पर चर्चा की। इसमें गठबंधन के संस्थागत ढांचे और तीनों देशों के राष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप सामूहिक रक्षा प्रतिबद्धताओं को व्यावहारिक रूप से लागू करने से जुड़े निर्णय शामिल थे। तीनों देशों ने रक्षा उद्योगों, संयुक्त तकनीकी विकास, ट्रेनिंग और क्षमता निर्माण में सहयोग मजबूत करने की बात कही। बैठक का अगला दौर तुर्की में होगा।

सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान, तुर्की के विदेश मंत्री हकान फिदान और रक्षा मंत्री यासर गुलर बैठक के लिए पाकिस्तान में हैं। खालिद बिन सलमान ने ट्विटर पर बताया कि उन्होंने इस्लामाबाद में मक्का डिफेंस अलायंस के तहत स्ट्रैटेजिक पॉलिटिकल एंड डिफेंस कमिटी की दूसरी बैठक में तुर्की के रक्षा मंत्री, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और आर्मी चीफ से मुलाकात की। इस दौरान सुरक्षा बढ़ाने और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में इस गठबंधन की भूमिका पर चर्चा हुई।