दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्कर यश बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ है। आरोपित बिहार के मुजफ्फरपुर से ड्रग्स लाकर जींद, रोहतक और दिल्ली-सोनीपत सीमा से सटे गांवों में बेचता था।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी चंद्र कुमार सिंह के अनुसार, 25 नवंबर की शाम करीब सात बजे एसआइ प्रवीर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। रोहिणी सेक्टर-34 स्थित बस स्टाप के पास बवाना नहर पुल की तरफ से एक संदिग्ध युवक कमर पर बैग लटकाए आता दिखाई दिया। बवाना इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ सड़क पार करते समय क्राइम ब्रांच की जैकेट पहने पुलिसकर्मियों को देखकर वह घबरा गया और मुड़कर बवाना नहर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपित की पहचान यश बिश्नोई, पिल्लूखेड़ा, जींद के रूप में हुई। उसके बैग की तलाशी में 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पूछताछ में यश ने बताया कि 2015 में उसके पिता सुभाष ने मुरादाबाद में अपने एक सहकर्मी की हत्या कर दी थी और तब से वह फरार है। इसके बाद उसकी मां ने जींद के पिल्लूखेड़ा गांव निवासी पवन से दूसरी शादी कर ली। यश 2016 से अलग-अलग रूटों पर ट्रक और अन्य वाहन चलाकर गुजारा कर रहा था।
इसी दौरान उसे अफीम की लत लग गई और वह हाईवे के ढाबों से अफीम लेकर पीने लगा। जल्द पैसा कमाने के लालच में वह 2022 से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से अफीम और एमडीएमए खरीदकर लाने लगा और इसकी सप्लाई जींद, रोहतक तथा सोनीपत से सटे दिल्ली के बाहरी गांवों में करने लगा। आरोपित पिछले कई साल से तस्करी का धंधा कर रहा था।
