लखनऊ के अमीनाबाद इलाके में मौजूद 'पंडिताइन की मस्जिद' को लेकर इतिहासकारों के अलग-अलग दावे हैं। स्थानीय इतिहासकार रौशन तक़ी के मुताबिक़, यह लखनऊ की पहली मस्जिद बताई जाती है जिसे किसी ग़ैर मुस्लिम महिला ने बनवाया था। उनका कहना है कि अवध के छठे नवाब सआदत अली ख़ाँ की माँ 'बेगम आलिया' के नाम से जानी जाती थीं, जिनका असली नाम छतर कुँवर था। बेगम आलिया की एक ब्राह्मण महिला मित्र थीं, जिन्हें अमीनाबाद और आसपास का इलाक़ा दिया गया था। उसी महिला ने अपनी सहेली के लिए इस मस्जिद का निर्माण कराया, इसलिए इसे 'पंडिताइन की मस्जिद' कहा जाने लगा।

वहीं, इतिहासकार रवि भट्ट इससे अलग कहानी बताते हैं। उनके मुताबिक़, अवध के पहले नवाब सआदत ख़ाँ की पत्नी ख़दीजा ख़ानम की एक मित्र जय कुँवर थीं, जो ब्राह्मण महिला थीं। कहा जाता है कि उन्होंने ख़दीजा ख़ानम के कहने पर यह मस्जिद बनवाई। बाद में उन्होंने मुस्लिम धर्म अपना लिया, लेकिन मस्जिद का नाम 'पंडिताइन की मस्जिद' ही पड़ गया। रवि भट्ट के अनुसार, मस्जिद की बनावट अवधी वास्तुकला पर आधारित है, जिसमें पुरानी लखौरी ईंटों और चूने-सुर्ख़ी के गारे से नक्काशी की गई है। मस्जिद के एक हिस्से में इमामबाड़ा भी बना है, जिसके पास महिलाएँ आज भी नमाज़ पढ़ती हैं।

लखनऊ निवासी नवाब काज़िम अब्बास बताते हैं कि रमज़ान के पूरे महीने यहाँ रोज़ शाम को इफ़्तार कराया जाता है और 18 रमज़ान को मौला अली का ताबूत उठाया जाता है। इलाके का नाम अमीनाबाद कैसे पड़ा, इसकी कहानी भी दिलचस्प है। रौशन तक़ी के मुताबिक़, अवध के पहले नवाब सआदत ख़ाँ का असली नाम मीर मोहम्मद अमीन था, और उनके नाम पर ही इस इलाक़े का नाम अमीनाबाद पड़ा। उन्होंने यहाँ दो मंज़िला इमारत बनवाई थी, जिसमें कलाँ फाटक और ख़ुर्द फाटक नाम के दो फाटक थे। कलाँ फाटक के नाम से आज भी एक मस्जिद मौजूद है।