गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय को जर्मनी के बर्लिन में रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान ब्रांड्स और कम्युनिकेशन डिजाइन श्रेणी में दिया गया है। यह भारत का पहला और एकमात्र संग्रहालय है, जिसे यह सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है।

रेड डॉट डिजाइन अवार्ड के निर्णायक मंडल ने संग्रहालय की दृश्य-रचना की सराहना की है। संग्रहालय की स्थानिक कहानी कहने की कला और प्रदर्शनी डिजाइन सिद्धार्थ बाथला और डिजाइन फैक्टरी इंडिया की ओर से तैयार की गई थी।

पुरस्कार देने की घोषणा जर्मनी में स्थित कोन्जर्टहाउस बर्लिन के ग्रेट हॉल में की गई। 1821 में बना यह ऐतिहासिक कॉन्सर्ट हॉल अपनी नियोक्लासिकल वास्तुकला और शानदार ध्वनिक डिजाइन के लिए दुनियाभर में मशहूर है।