दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीएम कार्यकाल के दौरान मिला सरकारी आवास शुक्रवार से जनता के लिए खोला जाएगा। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पहले मीडिया टूर कराया जाएगा, उसके बाद आम लोग टिकट लेकर बंगला अंदर से देख सकेंगे। जनता के लिए विजिट टिकट 20 रुपए रहने की संभावना है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज छात्रों की एंट्री फ्री होगी। वर्मा ने पोस्ट के साथ केजरीवाल के दिल्ली सीएम पद की पहली शपथ का वीडियो भी साझा किया और इसे भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति ने सरकारी गाड़ी तक इस्तेमाल न करने की बात कही थी, लेकिन कई मकान गिराकर अपने लिए आलीशान आवास बनवाया।

अरविंद केजरीवाल 2015 से 2024 तक करीब 9 साल इस बंगले में परिवार समेत रहे थे। भाजपा ने रेनोवेशन के खर्च पर सवाल उठाते हुए बंगले को 'शीशमहल' कहा था। पिछले साल दिल्ली विधानसभा में पेश सीएजी रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपए खर्च हुए, जो शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपए से करीब 342% ज्यादा था। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें से करीब 18.88 करोड़ रुपए महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च हुए। सीएजी ने प्रोजेक्ट में नियमों की अनदेखी, फंड के गलत इस्तेमाल और लागत में भारी बढ़ोतरी जैसी अनियमितताओं का जिक्र किया है।

साल 2022 में दिल्ली के तत्कालीन गवर्नर वीके सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने रेनोवेशन में गड़बड़ी और कीमत से ज्यादा खर्च की जांच की थी। इस मामले में सीबीआई जांच भी चल रही है, जिसकी शिकायत भाजपा विधायक और तत्कालीन विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने की थी।