कर्नाटक पुलिस ने भारत में अवैध रूप से रहने के मामले में सजा पूरी कर चुके 10 बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासन प्रक्रिया के तहत सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल के मालदा भेज दिया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इन लोगों को वहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद उन्हें बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय और बेंगलुरु स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के निर्देश पर की जा रही है।
इन सभी 10 लोगों को 11 अक्टूबर 2024 को उडुपी जिले में संदिग्ध गतिविधियों के चलते हिरासत में लिया गया था। जांच में उनके पास भारत में रहने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपपत्र दाखिल किया गया।
दिसंबर 2025 में स्थानीय अदालत ने सभी 10 लोगों को दोषी ठहराते हुए दो-दो साल की जेल और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। उन्होंने इस साल 10 अक्टूबर को अपनी सजा पूरी कर ली।
