पूर्व मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित और संजीव खन्ना ने शनिवार को नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश शिवराज वी. पाटिल की आत्मकथा के हिंदी संस्करण का विमोचन किया। पुस्तक का नाम ‘समय, संकल्प और सफर’ है। इसका हिंदी अनुवाद सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस दिनेश माहेश्वरी ने किया है। आत्मकथा का मूल संस्करण पहले कन्नड़ और अंग्रेजी में प्रकाशित हो चुका है, जिसके बाद इसका तमिल में भी अनुवाद किया गया। विमोचन कार्यक्रम में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश पंकज मित्तल भी मौजूद रहे, जिन्होंने पुस्तक की प्रस्तावना लिखी है।
86 वर्षीय जस्टिस पाटिल ने कार्यक्रम में अपने जीवन के संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका सफर भावनात्मक है और वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अपने अनुभव लोगों के साथ साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने गरीबी को केवल किताबों में नहीं पढ़ा, बल्कि उसे खुद झेला है। उनके पिता किसान थे और परिवार की परिस्थितियों के बीच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनने तक का उनका सफर आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन वह अपनी आत्मकथा लिखेंगे। उनके मुताबिक, जीवन में आने वाली कठिनाइयों और उनसे लड़ने के अनुभव युवाओं तथा कानून के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित ने जस्टिस पाटिल के न्यायिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जस्टिस पाटिल के लिखे कई फैसलों में मानवीय दृष्टिकोण दिखाई देता है। इन फैसलों की खास बात यह रही कि दो दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी बाद की पीढ़ियों के न्यायाधीशों ने इनकी मूल भावना को बरकरार रखा है। जस्टिस ललित के अनुसार, इन फैसलों ने कानून की व्याख्या को एक मजबूत आधार दिया है और अब वे न्यायिक व्यवस्था की परंपरा का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जस्टिस पाटिल के फैसलों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। जस्टिस पाटिल मार्च 2000 से जनवरी 2005 तक सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रहे थे।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने भी जस्टिस पाटिल की आत्मकथा की सराहना की और उन्हें पुस्तक के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह किताब खुद की तारीफ करने के बजाय अपने जीवन का ईमानदारी से आकलन करने जैसी है। यानी इसमें लेखक ने केवल अपनी उपलब्धियों का बखान नहीं किया है, बल्कि अपने जीवन के अनुभवों और संघर्षों को भी सामने रखा है। इस तरह ‘समय, संकल्प और सफर’ के हिंदी संस्करण के विमोचन के साथ जस्टिस पाटिल के जीवन और न्यायिक अनुभवों को हिंदी पाठकों तक पहुंचाने की एक नई पहल हुई है।