झांसी में युवतियों से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की आवास कॉलोनी में एक युवती को अपने साथ ले जाने को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। बीच सड़क पर हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दोनों युवक युवती को अपने साथ ले जाने के लिए खींचतान करते दिख रहे हैं, जबकि आसपास दर्जनों लोग जमा हैं। एक युवक उससे विवाह की बात कर रहा है तो दूसरा भी उसे अपना बनाने की बात कह रहा है। बताया जाता है कि करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान एक युवक ने दूसरे से हाथापाई भी की और बाद में युवती को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। पुलिस इस वीडियो से अनभिज्ञता जता रही है। वीडियो कब का है और विवाद किस बात पर शुरू हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरी घटना में झांसी में प्रेमी के साथ घर से निकली एक युवती को एसएसपी कार्यालय के बाहर अपने ही परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ा। बताया गया है कि युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तलाश के दौरान माता-पिता की नजर एसएसपी कार्यालय के बाहर युवती पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि माता-पिता ने युवती के साथ मारपीट की। दिनदहाड़े हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बताया जाता है कि युवती की मांग में सिंदूर भरा था। हंगामे के बाद युवती को उसकी मां एसएसपी के समक्ष पेश करने ले जाने लगी, तो उसके साथ के लोगों ने कार्यालय के गेट पर रोक दिया और लोकलाज का हवाला देते हुए सभी वापस हो गए। उधर, युवती के साथ मौजूद युवक मौका पाकर भाग निकला।