जमशेदपुर के कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव में मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल और इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने से नाराज माता-पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आठवीं कक्षा की छात्रा कनकलता मुर्मू की 10 नवंबर को मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर माता-पिता से कहासुनी हुई थी। इससे नाराज दंपती ने उसकी डंडे से बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गांव की बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया।

तीन दिन बाद 13 नवंबर को खदान से बच्ची का शव बरामद हुआ। हत्या के बाद दंपती ने ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने के लिए बेटी के लापता होने की बात कही थी। शव मिलने के बाद उनके व्यवहार पर पुलिस को संदेह हुआ, लेकिन ठोस साक्ष्य नहीं मिलने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह गहराने पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की।