सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक के मोबाइल फोन को निशाना बनाकर उसके बैंक खाते से 44,705 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पीड़ित ने रकम वापस दिलाने तथा आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मिर्जापुर पुल निवासी साहिल के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर अचानक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। कुछ देर बाद फोन की स्क्रीन पर अपने आप अपडेट होने की प्रक्रिया शुरू हो गई, जिसके चलते वह फोन का इस्तेमाल नहीं कर सके। युवक ने इसे शुरुआत में सामान्य तकनीकी खराबी समझकर नजरअंदाज कर दिया।

कुछ देर बाद बैंक खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि खाते से 44,705 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे। जांच में सामने आया कि रकम कोमल योगी नाम के बैंक खाते में भेजी गई है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर रकम वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस बीच, सरसावा पुलिस ने एक डिलीवरी ब्वाय की बाइक चोरी कर उस पर लदे 43 पार्सलों को पार करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना तीतरो क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर गुर्जर निवासी मोनू कुमार डिलीवरी ब्वाय का काम करता है। 20 नवंबर को उसने सरसावा कस्बे के अंबाला रोड स्थित एक होटल के सामने अपनी बाइक खड़ी की थी, जिस पर रखे बैग में 43 पार्सल और आठ हजार रुपये की नकदी थी। लौटने पर बाइक समेत पार्सल गायब मिले। 25 नवंबर को उसने थाना सरसावा में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरियाणा के करनाल जिले के कलसौरा निवासी अमित और यमुनानगर जिले के स्यावला निवासी अमरदीप राणा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने बाइक चोरी करने के बाद पार्सलों में से कुछ का सामान निकालकर बेच दिया और मिली रकम नशे की लत पूरी करने में खर्च कर दी। पुलिस चोरी की बाइक, शेष पार्सलों के सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।