इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) में पिछले दो दशक से जारी विवाद को खत्म करने और संगठन को एकजुट करने की पहल शुरू हुई है। संगठन तीन गुटों में बंटा हुआ है और असली-नकली के सवाल पर विभिन्न अदालतों में दर्जनों मुकदमे चल रहे हैं। इसी विवाद के कारण संगठन में लंबे समय से खींचतान बनी हुई है।
इंटक के दो प्रमुख गुटों ने एक संगठन में विलय का फैसला किया है। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में राष्ट्रीय विलय सम्मेलन-2026 आयोजित किया जाएगा, जिसमें दोनों गुटों का एक संगठन के रूप में विलय होगा। इसके बाद 29 नवंबर को संयुक्त इंटक की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी।
इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि दोनों गुट एक मंच पर साथ आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सारे मतभेदों को भुलाकर मजदूरों की आवाज को फिर से मजबूत और एकजुट बनाने के लिए दोनों गुटों ने विलय का निर्णय लिया है। 28 और 29 नवंबर की बैठक में संयुक्त संगठन का कार्यक्रम तय किया जाएगा और इसके बाद नई कार्यसमितियों का गठन किया जाएगा।
ट्रेड यूनियन के वरिष्ठ नेता केके तिवारी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व पहले भी संगठन में एकता बहाल करने के प्रयास कर चुका है। कई वरिष्ठ नेताओं ने विवादों की समीक्षा कर सभी गुटों को साथ लाने की कोशिश की थी। अब 28 और 29 नवंबर को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय विलय सम्मेलन में दोनों गुट पहली बार एक मंच पर आएंगे।