तेलंगाना की कांग्रेस सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से 13-14 नवंबर को हैदराबाद में भारत समिट का आयोजन किया, जिसमें कई विदेशी मेहमान भी शामिल हुए। इनमें इटली के राजनेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक भी थे। 14 नवंबर को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फिलिबेक ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों और भारतीय लोकतंत्र पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा भी लगाया। जब फिलिबेक संबोधन दे रहे थे, उस वक्त मंच पर राहुल गांधी भी बैठे थे और नारा लगने पर राहुल गांधी समेत कई नेता मुस्कुराते हुए नजर आए।

भाजपा ने इटली के नेता के भारत में आयोजित कार्यक्रम में इस तरह नारेबाजी करने पर कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। भाटिया ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा कोई मंच नहीं है जहां वो भारत को बदनाम करने की कोशिश और अराजकता फैलाकर भारत में अस्थिरता फैलाने की साजिश न करें। उन्होंने कांग्रेस के भारत समिट को एंटी भारत समिट बताया।

गौरव भाटिया ने कहा, 'दुर्भाग्य देखिए भारतीय मंच से एक विदेशी भारतीय जनादेश को चुनौती देता है, उपहास उड़ाता है। राहुल गांधी उन्हें रोकते नहीं हैं कि यह हमारा अंदरूनी मामला है। वह ताली बजाते हैं। चेहरे पर खुशी का भाव है और वह हंसने लगते हैं।'

इस बीच, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन की प्रमुख सहयोगी पार्टी फोर्जा इटालिया की नेता और सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने सोशल मीडिया पर फिलिबेक के बयान की सार्वजनिक रूप से कड़ी आलोचना की। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना साफ कहा कि एक इतालवी प्रतिनिधि ने भारत में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी पार्टी पर हमला बोला है। बर्गामिनी ने दो टूक शब्दों में कहा कि एक बड़े और मित्र राष्ट्र के घरेलू राजनीतिक वाद-विवाद में इस तरह दखल देना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने याद दिलाया कि भारत और इटली के बीच एक विशेष रणनीतिक साझेदारी है और दोनों देशों के बीच सभी क्षेत्रों में गहरा सहयोग चल रहा है, ऐसे में आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप कूटनीतिक मर्यादा के खिलाफ है।

फिलिबेक को आड़े हाथों लेते हुए बर्गामिनी ने कहा कि यूरोपीय नेताओं को ऐसे देश को लोकतंत्र का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए, जहां 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात या आरोप रखने की आजादी है, लेकिन इसके लिए आरोपों को साबित करने वाले सबूत भी होने चाहिए।