सुप्रीम कोर्ट ने न्यायपालिका के खिलाफ कथित टिप्पणियों के मामले में शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत को नसीहत दी है। आपराधिक अवमानना की कार्यवाही पर सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि माफी दिल से आनी चाहिए, दिमाग से नहीं। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की पीठ मामले की सुनवाई कर रही है। जस्टिस कुमार ने राउत को अनुभवी नेता और सांसद बताते हुए कहा कि अदालत उनके भाषण पहले से सुनती रही है और वह खुद पत्रकारिता से भी जुड़े रहे हैं, इसलिए उन्हें पता होना चाहिए कि सार्वजनिक जीवन में किस तरह का संयम बरतना चाहिए। अदालत ने कहा कि सम्मानजनक पद पर बैठे व्यक्ति से अधिक जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है।
यह मामला सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबी) की ओर से पत्रकार निखिल वागले और संजय राउत के खिलाफ दायर आपराधिक अवमानना याचिका से जुड़ा है। दोनों पर न्यायपालिका के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप है। सुप्रीम कोर्ट ने 16 अक्तूबर को दोनों को आपराधिक अवमानना की कार्यवाही के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इससे पहले अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणि ने अदालत की अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 15(1)(b) के तहत आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए सहमति दी थी। एससीबी ने 15 अक्तूबर को याचिका दाखिल की थी और उसी दिन अटॉर्नी जनरल से मंजूरी मिल गई थी।
यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब सीजेआई सूर्यकांत ने विपक्षी दलों के एक प्रतिनिधिमंडल को व्यक्तिगत मुलाकात का समय देने से इनकार कर दिया था और कहा था कि इस मामले को याचिका के जरिए अदालत के सामने रखा जा सकता है। एससीबी की याचिका के अनुसार, इसके बाद निखिल वागले ने अपने एक्स अकाउंट पर सीजेआई के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी, जिसे बाद में उन्होंने वापस ले लिया था। संजय राउत ने भी इस मामले में कथित आपत्तिजनक बयान दिए थे।
सुनवाई के दौरान निखिल वागले के वकील ने बिना शर्त माफी और सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का हवाला देते हुए उनके खिलाफ कार्यवाही बंद करने की मांग की। वहीं, एससीबीए के अध्यक्ष प्रदीप राय ने संजय राउत की माफी पर सवाल उठाए। राय ने अदालत को बताया कि राउत ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी तो मांगी है, लेकिन इसके बाद भी सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। उन्होंने अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट की एक तस्वीर पोस्ट करने का जिक्र किया, जिसमें प्रदर्शनकारियों द्वारा इमारत को आग के हवाले करते हुए दिखाया गया था। राय ने कहा कि राउत ने अपने हलफनामे में इन बाद की पोस्ट का जिक्र नहीं किया है और उन्हें आदतन ऐसा करने वाला बताया।
