पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे के बीच विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि सिंधु जल समझौते पर भारत अपने रुख पर कायम है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। मलिक एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आए हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने शुक्रवार को कहा कि सिंधु जल समझौते को लेकर भारत ने अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर दी है और वही स्थिति बनी हुई है। इसमें बिल्कुल कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह बयान पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत आगमन और सिंधु जल संधि पर उनके पहले के राजनीतिक बयानों के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में आया। मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां वह 20 से 22 नवंबर तक चल रहे एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

जब जयसवाल से पूछा गया कि क्या मलिक का दौरा भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार ला सकता है, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि यह मंच बहुपक्षीय चर्चाओं पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा की जाएगी और फिलहाल सबसे पहला काम यह है कि यह मंच बहुपक्षीय है, जिसमें हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह आगामी एक-दो दिनों में चर्चाओं के बाद मीडिया से बात करेंगे।

पुराना किला परिसर में आयोजित इस मंच से इतर संवाददाताओं से बातचीत में मलिक ने कहा कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच बातचीत को बढ़ावा देने में संस्कृति की अहम भूमिका है और आपसी समझ के जरिये ही बातचीत आगे बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि संस्कृति केवल दो देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी क्षेत्रीय भूमिका भी है। उनके मुताबिक, जब तक एक-दूसरे को, सोचने के तरीके को और रहन-सहन के ढंग को नहीं समझा जाएगा, तब तक आगे नहीं बढ़ा जा सकता। द्विपक्षीय मुद्दों पर पूछे जाने पर मलिक ने कहा कि यह एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां कोई द्विपक्षीय मामले नहीं हैं।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय पुराना किला परिसर में इस तीन दिवसीय मंच की मेजबानी कर रहे हैं, जिसमें एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।