भारत जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से लगी 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (LoC) पर सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने की योजना है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की एक टीम अगले महीने रूस जाकर इस सिस्टम का प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन करेगी। मामले से जुड़े दो अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि सिस्टम फरवरी 2027 तक तैनाती के लिए तैयार होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट के अनुसार, चीन 2027 में पाकिस्तान को J-35 पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान दे सकता है। इसके जवाब में भारत लंबी दूरी के हथियार और लोइटरिंग म्यूनिशन तैयार करने और खरीदने की योजना बना रहा है, ताकि चीन की PL-15 E लंबी दूरी की मिसाइल और HQ-9BE एयर डिफेंस सिस्टम का मुकाबला किया जा सके। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना ने चीनी J-10 लड़ाकू विमानों और स्वीडिश AWACS की मदद से करीब 200 किलोमीटर की रेंज वाली PL-15 E मिसाइलों का इस्तेमाल किया था।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन और तुर्किये पाकिस्तान की सैन्य ताकत बढ़ा रहे हैं। अमेरिका पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमानों को अपग्रेड करने में मदद कर रहा है, जबकि सऊदी अरब आर्थिक मदद दे रहा है। पाकिस्तान चीन से 8 हैंगोर क्लास पनडुब्बियां खरीद रहा है, जिनके सौदे की कीमत 5 अरब डॉलर यानी करीब 46,220 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है। इनमें से एक पनडुब्बी जून 2026 में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल हो चुकी है। तुर्किये पाकिस्तान की अगोस्टा-90बी पनडुब्बियों को अपग्रेड कर रहा है और लंबी दूरी के कामिकेज ड्रोन दे रहा है, जबकि चीन पाकिस्तान को मिसाइल दागने में सक्षम विंग लूंग-II ड्रोन भी दे चुका है।

S-400 ट्रायम्फ रूस का एडवांस्ड मिसाइल सिस्टम है, जिसे 2007 में लॉन्च किया गया था। यह फाइटर जेट, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइल, ड्रोन और स्टेल्थ विमानों को भी मार गिरा सकता है। भारत के पास इस वक्त तीन ऑपरेशनल स्क्वाड्रन हैं, जिनमें से एक पंजाब में, दूसरी सिक्किम में, तीसरी राजस्थान-गुजरात या पंजाब-राजस्थान सीमा पर तैनात है, जबकि चौथी स्क्वाड्रन असम में तैनात है। रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान S-400 ने पाकिस्तान के अंदर 314 किलोमीटर की दूरी पर उड़ रहे एक विमान को मार गिराया था।