हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र में गढ़ रोड पर शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को आसपास के लोगों की मदद से नगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा दीवान पब्लिक स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहा था। त्रिवेणी गंज के पास पहुंचते ही वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बताया गया कि घायलों में मोहल्ला साकेत निवासी कक्षा 5 का छात्र चिराग और कक्षा 6 का छात्र भव्य शामिल हैं। अन्य घायल बच्चों का भी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर बच्चों के परिजन और स्कूल का स्टाफ अस्पताल पहुंच गए।
थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी कराई जा रही है।
