ज्ञानवापी से जुड़े सबसे प्राचीन मुकदमे में वाद-मित्र की नियुक्ति पर गुरुवार को विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण (प्रथम) सुधाकर राय की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान आवेदिका अनुष्का तिवारी की ओर से न्यायिक और सरकारी अभिलेखों को रिकॉर्ड पर लेने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया गया। अदालत ने सुनाई के लिए अगली तिथि एक दिसंबर तय की है।

प्रार्थना पत्र में पूर्व डीजीसी (सिविल) विजय शंकर रस्तोगी को वर्ष 2019 से दस अगस्त 2026 तक उपलब्ध कराई गई सशस्त्र सुरक्षा से जुड़े मूल सरकारी दस्तावेज तलब करने का अनुरोध किया गया है। इनमें सुरक्षा देने, जारी रखने और नवीनीकरण से संबंधित आवेदन, पुलिस रिपोर्ट, आदेश और पत्राचार शामिल हैं।

आवेदन में 12 मई 2026 को शासन के गृह विभाग को लिखे गए पत्र की प्रति, सुरक्षा संबंधी सूचना मांगने के लिए किए गए आरटीआई आवेदन और उसके जवाब सहित अन्य दस्तावेज भी दाखिल किए गए हैं। वाद-मित्र की नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

अदालत ने विजय शंकर रस्तोगी और अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद के वकील को आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर देते हुए अगली सुनवाई के लिए एक दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।