वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को गुरुग्राम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गुरुग्राम और मानेसर सहित पूरे जिले में शीतकालीन कार्ययोजना पर तेजी से काम करने और प्रदूषण नियंत्रण के ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए। राजेश वर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण का फोकस अब केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता पर भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए तकनीक और निगरानी तंत्र मजबूत किया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई बैठक में बताया गया कि कचरा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के लिए 20 एआई आधारित कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि 150 अन्य कैमरे लगाने की योजना है। इनकी मदद से खुले में कचरा, सूखी पत्तियां और अन्य अपशिष्ट जलाने की घटनाओं पर नजर रखी जाएगी। इंटरनेट मीडिया और जनशिकायतों के आधार पर गुरुग्राम में 40 प्रदूषण हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां विशेष निगरानी होगी। ड्रोन और गतिशील पीएम 2.5 सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों को आयोग की 13सी पवन प्रणाली से जोड़ने की योजना है।

आयोग ने निर्देश दिए कि एनसीआर की प्रत्येक नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्र में दो-दो लो कॉस्ट सेंसर लगाए जाएं। गुरुग्राम जिले में सोहना और पटौदी में विशेष रूप से मोबाइल सेंसर लगाए जाएंगे, जिन्हें जरूरत के अनुसार प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा सकेगा। दिसंबर और जनवरी में बायोमास जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ड्रोन से निगरानी मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया।

बैठक में धूल प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए सड़कों की नियमित सफाई, मशीनों से सफाई, जीर्णोद्धार, चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं को खुले स्थानों पर धूल नियंत्रण के उपाय मजबूत करने को कहा गया। निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों में ग्रेप के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडरों की समय पर रिफिलिंग सुनिश्चित करने को कहा और बताया कि एक सर्वे के अनुसार पिछले 10 वर्षों में योजना के क्रियान्वयन से एनसीआर की वायु गुणवत्ता में 40 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है। बैठक में आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों और शिक्षण संस्थानों को प्रदूषण नियंत्रण अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।