संसद का मानसून सत्र 103 दिन बीत जाने के बाद भी आधिकारिक रूप से खत्म नहीं हुआ है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले अगले संसद सत्र की तैयारी पूरी करने और इस बीच विदेश यात्रा से बचने को कहा है। संसदीय कार्य संबंधी कैबिनेट समिति सत्र की तारीख और अवधि तय करेगी।

बुधवार को मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में अगले सत्र का मुद्दा उठा। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने 15 दिसंबर से पहले सत्र बुलाने का संकेत दिया और मंत्रालयों को आगामी सत्र के लिए तैयार रखने पर जोर दिया। दोनों सदनों की बैठकें 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थीं, लेकिन अब तक सत्रावसान की घोषणा नहीं हुई है। विपक्ष शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी पर सवाल उठा रहा है।

सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर फिर से विचार करने की तैयारी कर रही है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी 361 सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी। तीन सीट रिक्त होने से सदन में फिलहाल 540 सदस्य हैं और राजग के पास 320 सदस्य हैं, ऐसे में विपक्ष के समर्थन की जरूरत पड़ेगी।

अप्रैल में विधेयक के गिर जाने के बाद राजनीतिक समीकरण बदले हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने एनसीपीआई में विलय कर राजग को समर्थन का भरोसा दिया है, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए हैं। विपक्ष ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है, जिससे सत्र में हंगामे के आसार हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद के अनुसार सदन सुचारू रूप से चले बिना विधेयक पर चर्चा और मतदान संभव नहीं होगा।