गोरखपुर से दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक जाने वाली ट्रेनों में 15 दिसंबर तक टिकट मिलना मुश्किल है। दीपावली, छठ और लग्न के कारण भारी भीड़ के चलते कन्फर्म टिकट तो दूर, वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा। लगभग सभी ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है।

गोरखपुर से बनकर चलने वाली लगभग सभी ट्रेनों के स्लीपर कोच में बुकिंग बंद है, जबकि एसी कोच में वेटिंग 100 से पार है। कुशीनगर और गोरखधाम जैसी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई हैं। गोरखधाम एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट के लिए आठ से दस घंटे तक लाइन लगानी पड़ रही है, फिर भी जगह नहीं मिल रही।

तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होने के एक मिनट के अंदर बिक जा रहे हैं। आरक्षित टिकट न मिलने पर यात्री जनरल कोच की ओर भाग रहे हैं, लेकिन वहां भी न सीट मिल रही है और न खड़े होने की जगह। राप्तीनगर के दीपक को इलाज के लिए दिल्ली जाना है, लेकिन तत्काल टिकट की लाइन में भी निराशा ही हाथ लग रही है।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए 2156 फेरा में 318 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जरूरत के अनुसार और स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।