गोरखपुर की रोहिन नदी में दस दिनों के भीतर एक बालक समेत तीन लोग डूब गए हैं। लगातार तलाश अभियान के बावजूद तीनों के शव अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। एनडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोर और पुलिस नदी में तलाश में जुटे हैं। इधर, शव न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर दहशत है और आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छों ने तीनों को अपना निवाला बना लिया हो। हालांकि, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पहली घटना महराजगंज जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चेहरी टोला कोल्हुआ जोत निवासी दीपनारायण निषाद के 10 वर्षीय पुत्र प्रियांशु निषाद से जुड़ी है। छठ पर रविवार की सुबह वह अपने माता-पिता के साथ रोहिन नदी के मछरिहा घाट गया था। इसी दौरान उसके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।

दूसरी घटना में चिलुआताल थाना क्षेत्र के चिऊटहा गांव के 22 वर्षीय मनीष कुमार तीन दिन पूर्व चिऊटहवा पुल के नीचे रोहिन नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह डूब गया और उसका शव भी नहीं मिला है। तीसरी घटना पीपीगंज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर टोला बैकुंठपुर निवासी तूफानी के 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार से जुड़ी है, जो दो दिन पूर्व अकटहवा घाट पर मछली पकड़ने गया था। नदी किनारे उसके कपड़े और चप्पल मिले, लेकिन शव का पता नहीं चला।

तीनों घटनाओं के बाद से एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और पुलिस तलाश अभियान चला रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मगरमच्छों की संख्या अधिक है, ऐसे में आशंका है कि वे डूबने वालों को निवाला बना सकते हैं।