गोरखपुर में बढ़ती ठंड के बीच शहर के रैन बसेरों में बने बिस्तर जरूरतमंदों का इंतजार कर रहे हैं, जबकि कई बेसहारा लोग फुटपाथ और फ्लाईओवर के नीचे खुले आसमान में रात बिताने को मजबूर हैं। रात के समय शहर के प्रमुख रैन बसेरों का जायजा लिया गया, जिसमें कई जगह निर्माण और रंगाई-पुताई का काम अधूरा मिला।

रात करीब साढ़े आठ बजे छात्र संघ भवन के पास संचालित रैन बसेरे में पुरुषों के लिए 10 और महिलाओं के लिए पांच बेड हैं, लेकिन 14 बेड खाली मिले। यहां सिर्फ लखनऊ से साक्षात्कार देने आए एक व्यक्ति ठहरे थे। वहीं रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रैन बसेरे में महिलाओं और पुरुषों के लिए 10-10 बेड की व्यवस्था है, जहां टाइल्स लगाने और पेंटिंग का काम चल रहा था।

रात नौ बजे गोरखनाथ रैन बसेरे में 127 बेड की क्षमता के मुकाबले केवल 20 लोग पहुंचे थे। यहां भी पेंट-पॉलिश का काम अधूरा मिला। धर्मशाला स्थित रैन बसेरे में पुरुषों के लिए 27 और महिलाओं के लिए 17 बेड निर्धारित हैं, जहां रंगाई-पुताई चलती मिली। गोरखनाथ में महिलाओं के लिए अलग 39 बेड का रैन बसेरा है, जहां पड़ताल के दौरान 12 महिलाएं मौजूद मिलीं और उन्होंने सुरक्षा व सुविधा पर संतोष जताया।

पड़ताल से सामने आया कि शहर में बेड की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत रेस्क्यू अभियान चलाकर फुटपाथ पर सोने वालों को रैन बसेरों तक पहुंचाने और ठंड बढ़ने से पहले सभी केंद्रों का निर्माण व रंगाई-पुताई पूरा कर बिस्तर दुरुस्त करने की है।