ओडिशा के खुर्दा जिले में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण एक गर्भवती महिला को नाव में बच्चे को जन्म देना पड़ा। टांगी ब्लाक के भुषंडपुर पंचायत अंतर्गत बालिपोखरी गांव निवासी संतोष बेहरा की पत्नी मिनती बेहरा को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो उनके पति ने आशा कार्यकर्ता को सूचना दी और 102 एंबुलेंस बुलाई गई। लेकिन घर तक पहुंचने का रास्ता पानी में डूबा होने के कारण एंबुलेंस वहां नहीं पहुंच सकी।

कोई दूसरा विकल्प न मिलने पर संतोष ने नाव की व्यवस्था की और पत्नी तथा मां विशि को नाव पर बैठाकर मुख्य सड़क तक ले जाने लगे। रास्ते में पानी और जलकुंभी भरी होने के कारण नाव को धक्का देकर आगे बढ़ाना पड़ रहा था। इसी दौरान मिनती ने नाव में ही बेटे को जन्म दे दिया। बाद में उन्हें एंबुलेंस से टांगी अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

चिलिका झील के किनारे बसे इस परिवार के घर से मुख्य सड़क की दूरी महज 300 मीटर है, लेकिन चिलिका का जलस्तर बढ़ते ही यह रास्ता पानी में डूब जाता है। साल के लगभग आधे समय तक यही स्थिति बनी रहती है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए नाव ही आवागमन का एकमात्र सहारा है। भुषंडपुर के सरपंच सौरभ दासमहापात्र के अनुसार, इस स्थान पर तीन परिवार वर्षों से रह रहे हैं और इस छोटे से हिस्से में सड़क बनाने के लिए विशेष तकनीक की जरूरत होगी तथा काफी खर्च आएगा।

संतोष की मां विशि ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। दो वर्ष पहले उनकी पोती का जन्म भी इसी तरह की परिस्थितियों में हुआ था। यह घटना बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को दर्शाती है और सवाल उठाती है कि तीन परिवारों के लिए 300 मीटर का सुरक्षित रास्ता आखिर कब बनेगा।