मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड क्षेत्र के लक्ष्मीनिया में शुक्रवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत एक दिवसीय कैंप लगाया गया। इस कैंप में सोलर सिस्टम लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं से कुल पांच आवेदन प्राप्त हुए। कैंप का नेतृत्व सहायक विद्युत अभियंता (सिंहेश्वर) विजय कुमार और कनीय विद्युत अभियंता (घैलाढ़) अजीत कुमार ने किया।
कैंप के दौरान मौजूद अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को योजना के लाभ, सोलर सिस्टम लगाने की अनुमानित लागत और सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रति किलोवाट सोलर सिस्टम लगाने पर लगभग 70 हजार रुपये खर्च आएगा, जिसमें सरकार 40 हजार रुपये की सब्सिडी देगी।
अभियंताओं ने उपस्थित लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित और जागरूक किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं, जिससे घरेलू बिजली खर्च में कमी आए और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिले।
कैंप के दौरान लाभार्थियों को योजना से जुड़ी अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।
