अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड के बसमतिया थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा सड़क पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेला पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी मो. रोजीत के छह वर्षीय पुत्र मो. अली के रूप में हुई है। हादसा भैरोगंज वार्ड संख्या नौ स्थित एसएसबी कैंप के समीप हुआ।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक, सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोशकापुर निवासी रामकुमार मेहता को पकड़ लिया। सैकड़ों ग्रामीणों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड जाम कर दिया और चालक को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर बसमतिया थाना पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे और चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ बेकाबू हो गई।

चालक को छुड़ाने के क्रम में दो-तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक पुलिस वाहन और दो बाइक को आग के हवाले किए जाने की सूचना सामने आई है। घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए सुपौल जिले के वीरपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है और कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।

बवाल के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी जितेंद्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। उनके साथ अररिया एसडीपीओ और फारबिसगंज एसडीपीओ समेत विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने कार चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।