संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूएन-हैबिटैट की हालिया रिपोर्ट ने दुनियाभर में घरों के संकट को रेखांकित किया है। रहने के बढ़ते खर्च और आम लोगों की पहुंच से बाहर होते मकानों के कारण कई देशों में युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हो रहे हैं। स्पेन में इस मुद्दे के कारण 29 नवंबर को समय से पहले चुनाव कराने की नौबत आ गई।

नाइजीरिया के लागोस शहर में 33 वर्षीय कलाकार और डिजाइनर जोशुआ आइक एगेसी के किराये के मकान पर तोड़े जाने का निशान लगा दिया गया। दूसरी जगह तलाशने पर पता चला कि एजेंसी फीस और अन्य खर्चों सहित एक कमरे वाले स्टूडियो फ्लैट के लिए करीब 40 लाख नायरा खर्च करने पड़ेंगे। पहले वह तीन बेडरूम वाले फ्लैट के लिए सालाना आठ लाख नायरा यानी करीब 600 डॉलर किराया देते थे। आखिरकार उन्होंने लागोस राज्य के द्वीपीय गांव तारक्वा बे में पांच साल के लिए जगह पट्टे पर ली, जहां केवल नाव से पहुंचा जा सकता है।

थिंक टैंक हाउसिंग फाइनेंस अफ्रीका के आंकड़ों के मुताबिक, हाल के वर्षों में लागोस राज्य के लेक्की और इकेजा जैसे इलाकों में किराये 200 फीसदी से ज्यादा बढ़े हैं। लागोस राज्य के उप-गवर्नर डॉक्टर कादरी ओबाफेमी हमजत ने युवाओं को सलाह दी थी कि वे माता-पिता या रिश्तेदारों के साथ रहें, मिलकर मकान किराये पर लें या आमदनी का 40 फीसदी से ज्यादा हिस्सा किराये पर खर्च न करें। यूथ राइट्स कैंपेन के राष्ट्रीय संयोजक अदारामोये माइकल लेनिन ने कहा कि आज बहुत से युवा पहले से ही इसी तरह रह रहे हैं और मौजूदा हालात नाइजीरिया में आवास के मुद्दे की वर्षों तक अनदेखी का नतीजा हैं। नाइजीरिया सरकार का कहना है कि लोगों को घर उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है और उसने संपत्ति निवेश कोष से जुड़े कुछ कदमों की घोषणा की है।

यह संकट केवल लागोस तक सीमित नहीं है। फ्रांस, ब्रिटेन, बेल्जियम, स्पेन, इटली, पुर्तगाल और ग्रीस में 20 से 22 नवंबर के बीच कार्यकर्ताओं, संगठनों और मजदूर संघों ने प्रदर्शन किए और किराये पर नियंत्रण तथा घर पाने के अधिकार की गारंटी की मांग की। स्पेन की राजधानी मैड्रिड में 87 वर्षीय मैरिकारमेन अबास्कल को सितंबर में उनके घर से निकाल दिया गया था, जहां वे 70 साल से ज्यादा समय से रह रही थीं। इस घटना ने देशभर में विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक विवाद को जन्म दिया।