गाजियाबाद में राष्ट्रीय अंगदान दिवस के मौके पर स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट सामने आई है, जिसके मुताबिक पिछले छह साल में 1107 लोगों का अंग प्रत्यारोपण हुआ। इनमें 559 किडनी और 548 लिवर ट्रांसप्लांट शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार अधिकांश मामलों में मां ने बेटे या बेटी को अंगदान करके उनकी जान बचाई है। अपर निदेशक डॉ. मनोक सेन के अनुसार नजदीकी रिश्तेदार द्वारा टिश्यू मैच होने पर ही अंगदान संभव होता है और चिकित्सक इसी आधार पर प्रत्यारोपण की सफलता का आकलन करते हैं।

नियम के मुताबिक निकट संबंधी (पति-पत्नी, बच्चे, पोते-पोती, भाई-बहन, माता-पिता और दादा-दादी) को अंगदान के लिए प्रत्यारोपण केंद्र के प्रभारी डॉक्टर की अनुमति जरूरी होती है, जबकि गैर-संबंधी दाता को राज्य द्वारा गठित प्राधिकरण समिति की अनुमति लेनी पड़ती है। समिति सदस्य ललित जायसवाल के अनुसार डोनर और प्राप्तकर्ता का ब्लड रिलेशन देखने और जांच के बाद ही अंगदान की अनुमति दी जाती है और आपात स्थिति में बैठक तुरंत बुलाई जाती है।

रिपोर्ट में कुछ मामले भी सामने आए हैं। मुरादाबाद के बिलारी के गांव सरथल निवासी सुमित गुरुग्राम में निजी कंपनी में काम करते हैं। दोनों किडनी फेल होने पर वह गांव लौटे, जहां पता चला कि उनका आयुष्मान कार्ड बना है। कार्ड लेकर वह यशोदा हॉस्पिटल पहुंचे, जहां 11 फरवरी 2025 को भर्ती करने के बाद 13 फरवरी को सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। किडनी उनकी पत्नी नेहा ने दी, दोनों का प्रेम विवाह हुआ है। मेरठ निवासी 19 वर्षीय पारस बालियान ने भी आयुष्मान कार्ड के आधार पर कौशांबी के यशोदा हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट करवाया, किडनी उनके पिता रामदास ने दी।

ग्रेटर नोएडा के गांव दुजाना निवासी उर्मिला नागर ने अपने बेटे प्रवीण नागर को किडनी देकर उसकी जान बचाई। किडनी को लेकर पत्नी गीता और मां उर्मिला के बीच विवाद भी हुआ, गीता भी किडनी देना चाहती थीं, लेकिन मां की जीत हुई। डॉ. अमित कुमार देवरा की देखरेख में 23 दिसंबर 2024 को मैक्स हेल्थ केयर हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। डॉ. मनोज सेन के अनुसार अंगदान केवल ब्लड रिलेशन में समिति की अनुमति के बाद ही संभव है, और शासन स्तर से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को अलग से सहयोग राशि दी जा रही है।