भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन यानी मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। खाद्य नियामक के अनुसार, कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक नमूने की जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई, जिसके बाद उसे असुरक्षित घोषित किया गया।

एफएसएसएआई के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से सामान्य पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक नियामक नमूना लिया गया था, मिनरल वाटर का नहीं। प्रयोगशाला जांच में इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इस नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया। नियामक ने कहा कि तय सीमा से अधिक ब्रोमेट मिलने पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाता है।

पहली जांच में नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद कंपनी ने अपील की, जिसके बाद नमूना दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। एफएसएसएआई के अनुसार, दूसरी जांच में भी नमूना असुरक्षित पाया गया। इस बार पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी सामने आई। रेफरल लैब के नतीजों ने खाद्य सुरक्षा कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की।

दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद एफएसएसएआई ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन चलाने की मंजूरी दी है, यानी कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मुकदमे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, अभियोजन की मंजूरी का अर्थ अदालत द्वारा कंपनी को दोषी ठहराया जाना नहीं है। इस साल एफएसएसएआई ने खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई तेज की है तथा एनर्जी ड्रिंक और मादक पेय बनाने वाली कंपनियों पर भी शिकंजा कसा है।