फाजिल्का में शुक्रवार रात आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। रात ठीक 8 बजे जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स और आसपास के निर्धारित क्षेत्र की बिजली बंद कर दी गई। इसके बाद 8:05 बजे सायरन बजाया गया, जिसके साथ ही सुरक्षा और बचाव से जुड़ी गतिविधियां शुरू हो गईं।

अभ्यास के दौरान आग लगने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने, प्रभावित स्थान से लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने जैसे कार्यों का प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया और आपसी तालमेल के साथ बचाव कार्यों को अंजाम दिया।

अभ्यास के दौरान आपात स्थिति में अलग-अलग विभागों की भूमिका, मौके पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने और घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने के तरीकों की जानकारी दी गई। इस अभ्यास का उद्देश्य केवल ब्लैकआउट करना नहीं, बल्कि बचाव कार्यों की पूरी प्रक्रिया को परखना भी था।

इस तरह की रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य वास्तविक संकट के समय किसी तरह की अव्यवस्था से बचना और सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है।