अमरोहा जिले के डिडौली क्षेत्र में एक विवाहिता ने इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया है। दोनों ने साथ रहने से पहले नौ शर्तें तय कीं और इन्हें शपथपत्र के जरिए लिखित रूप दिया, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।

प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के अनुसार, इस प्रकरण से जुड़ी कोई शिकायत थाने तक नहीं पहुंची है। मामला डिडौली का है। मुरादाबाद के एक गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2018 में डिडौली क्षेत्र के युवक से हुई थी और दंपती के दो बच्चे हैं। करीब दो साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान लगभग एक साल पहले विवाहिता की इंस्टाग्राम के माध्यम से मुरादाबाद निवासी एक शादीशुदा युवक से जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम-प्रसंग में बदल गई।

तीन दिन पहले विवाहिता पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंची। दोनों ने साथ रहने के लिए नौ शर्तें तय कीं, जिनमें विवाहिता का पूरा खर्च उठाना, दोनों से होने वाली संतान के दस्तावेजों में पिता का नाम दर्ज कराना, प्रेमी की पहली पत्नी और बच्चों की देखभाल करना तथा रिश्ते में बाहरी हस्तक्षेप न होने जैसे बिंदु शामिल बताए जाते हैं।

प्रेमी की पहली पत्नी ने विवाहिता को रखने से इन्कार कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद विवाहिता मकान के दूसरे हिस्से में रह रही है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में विवाहिता ने पति से विवाद और तलाक को लेकर तैयार न होने की बात कहते हुए प्रेमी के साथ रहने का फैसला करने की बात कही है।