संस्कृति मंत्रालय ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) सोसायटी के उपाध्यक्ष भरत गुप्त की सदस्यता तत्काल प्रभाव से वापस ले ली है। मंत्रालय के अकादमी प्रभाग के अवर सचिव एच. पालीन गंगटे के हस्ताक्षरित पत्र के अनुसार, केंद्र सरकार ने प्रशासनिक आधार पर भरत गुप्त को सोसायटी का सदस्य नामित करने का फैसला वापस लिया है। पत्र में हटाने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कई दिनों से भरत गुप्त और एनएसडी निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई थी। भरत गुप्त को 13 जनवरी 2023 को सोसायटी का सदस्य बनाया गया था।
यह टकराव तब सामने आया था जब भरत गुप्त ने नौ नवंबर को एनएसडी निदेशक की ओर से दो कर्मचारियों को बर्खास्त करने के आदेश को मानने से इंकार कर दिया था। उक्त आदेश में निदेशक ने चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे भरत गुप्त के निजी सचिव डॉ. कन्हैया झा और एनएसडी सलाहकार प्रदीप कुमार की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई थीं। भरत गुप्त ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि दोनों कर्मचारियों का कार्यकाल पहले ही बढ़ाया जा चुका है।
