सीबीएसई की ओर से सीटीईटी 2026 के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप कभी भी जारी की जा सकती है। बोर्ड ने परीक्षा से 15 दिन पहले सिटी स्लिप जारी करने की सूचना दी थी और अब परीक्षा में 15 दिन ही शेष हैं। सिटी स्लिप केवल ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जारी की जाएगी, जहां से अभ्यर्थी लॉग इन डिटेल दर्ज करके इसे डाउनलोड कर सकेंगे।
सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के 22वें एडिशन (सीटीईटी 2026) के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा नजदीक आ रही है। सीबीएसई कभी भी एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर सकता है, जिससे अभ्यर्थी अपने परीक्षा शहर की जानकारी हासिल करके पूर्व यात्रा की तैयारी कर पाएंगे।
सीटीईटी परीक्षा 12 और 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जानी है। परीक्षा दो शिफ्ट में संपन्न होगी। पहली शिफ्ट के लिए समय सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा, वहीं दूसरी शिफ्ट की परीक्षा अपरान्ह 2:30 से शाम 5 बजे तक होगी। पहली शिफ्ट के उम्मीदवारों को केंद्र पर 120 मिनट पहले यानी सुबह 7:30 बजे रिपोर्ट करना होगा, जबकि दूसरी शिफ्ट के उम्मीदवारों को दोपहर 12:30 बजे रिपोर्ट करना होगा।
सीबीएसई की ओर से की गई घोषणा के मुताबिक एडमिट कार्ड परीक्षा से 7 से 10 दिन पूर्व डाउनलोड के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे। चूंकि परीक्षा 12 और 13 दिसंबर को है, ऐसे में एडमिट कार्ड 2 से 6 दिसंबर के बीच जारी किए जा सकते हैं।
