चंडीगढ़ प्रशासन ने पुनर्वास योजना के तहत आवंटित मकानों को फ्रीहोल्ड करने की घोषणा की है, लेकिन इसका लाभ शहर के सभी मौजूदा मकान मालिकों को नहीं मिलेगा। प्रशासन की अधिसूचना के अनुसार मालिकाना हक के लिए केवल मूल आवंटी, दर्ज सह-आवंटी और पात्र कानूनी उत्तराधिकारी ही आवेदन कर सकेंगे। पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए), एग्रीमेंट या अन्य दस्तावेजों के आधार पर मकान खरीदने वाले बाद के खरीदार इस योजना के दायरे से बाहर हैं।

प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार शहर में पुनर्वास योजनाओं के तहत कुल 34,965 मकान बनाए गए हैं, जिनमें से करीब 22 हजार मूल आवंटियों को योजना का सीधा लाभ मिलने की संभावना है। यानी करीब 13 हजार मकानों के मौजूदा खरीदारों को फिलहाल मालिकाना हक नहीं मिलेगा। प्रशासन के सर्वे में सामने आया था कि 80 प्रतिशत से अधिक मकानों में मूल आवंटी नहीं, बल्कि जीपीए और अन्य दस्तावेजों के आधार पर खरीदारी करने वाले लोग रह रहे हैं। कई मकान तीन से चार बार तक बेचे जा चुके हैं।

रामदरबार, बापूधाम, सेक्टर-25 की जनता कॉलोनी, धनास, मौलीजागरां, दड़वा, डड्डूमाजरा, इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, सेक्टर-52 और सेक्टर-56 सहित कई कॉलोनियों में 1979 से शुरू हुई विभिन्न योजनाओं के तहत मकान आवंटित किए गए थे। बड़ी संख्या में मकान 80 और 90 के दशक में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिए गए थे। प्रशासन के नियमों के तहत पात्र लोगों को फ्रीहोल्ड कराने के लिए कलेक्टर रेट के पांच प्रतिशत के बराबर राशि और बकाया लाइसेंस फीस जमा करनी होगी, साथ ही कम से कम सात साल के निर्धारित कब्जे की शर्त भी रखी गई है।

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि जीपीए और एग्रीमेंट के आधार पर मकान खरीदने वाले लोगों को भी मालिकाना हक देने के लिए नीति में संशोधन किया जाए। विपक्षी दलों का आरोप है कि नगर निगम चुनाव से पहले मालिकाना हक देने की घोषणा तो कर दी गई, लेकिन इसका लाभ वास्तविक रूप से कितने परिवारों को मिलेगा, यह स्पष्ट नहीं किया गया। उनका कहना है कि जब मकान दशकों पहले आवंटित किए गए थे और बाद में वैध दस्तावेजों के आधार पर लोगों ने इन्हें खरीदा, तो मौजूदा निवासियों को अधिकारों से वंचित रखना उचित नहीं है।