गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल हुए पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बहाने गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'चिंता मत करें, अपना वीजा तैयार रखें, अब उन्हें स्पेन नहीं वेनिस जाना है।'

शुक्रवार को लखनऊ में विश्वजीत त्रिपाठी ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख को फरसा भेंट किया। विश्वजीत गोरखपुर के बेतियाहाता क्षेत्र के वार्ड नंबर 67 से पार्षद हैं।

विश्वजीत त्रिपाठी के पार्टी में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सांसद रवि किशन का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने आगे कहा कि अब उन्हें अपना वीजा तैयार रखना चाहिए, क्योंकि उनके विदाई का समय आ गया है। अखिलेश के इस बयान को गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।

विश्वजीत त्रिपाठी पहले समाजवादी पार्टी में ही थे। बाद में उन्होंने सपा छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली थी। भाजपा में रहते हुए वह गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित वार्ड नंबर 67 से पार्षद बने। बीते बरसात के दौरान उनका सांसद रवि किशन के साथ बातचीत का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने बारिश और उससे जुड़ी समस्याओं को लेकर रवि किशन से सवाल पूछे थे। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी और इस घटना के बाद विश्वजीत त्रिपाठी काफी चर्चा में आ गए थे। इसके बाद से ही उनकी गतिविधियां सपा के समर्थन में दिखाई देने लगी थीं।

उनके सपा में शामिल होने के बाद गोरखपुर की राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। विश्वजीत त्रिपाठी के विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार होने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि समाजवादी पार्टी उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में किस सीट से उम्मीदवार बनाएगी या टिकट देगी भी या नहीं।