सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमण्यम ने दिल्ली में विवेकानंद फाउंडेशन के एक लेक्चर में भारतीय सेना के भविष्य पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मल्टी-डोमेन ऑपरेशन का अर्थ अलग-अलग क्षमताओं को जोड़कर दुश्मन के सामने कई दुविधाएं पैदा करना है। लेक्चर के दौरान उन्होंने दो बार एक ही बात दोहराई कि ऑपरेशन सिंदूर इंटीग्रेशन, जॉइंटनेस और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन का बेहतरीन उदाहरण था। उनका कहना था कि ऑपरेशन सिंदूर एक बार का काम नहीं था, बल्कि यही भविष्य के युद्ध का टेम्पलेट है।
सीडीएस ने युद्ध का चेहरा बदलने के तीन बड़े कारण बताए। पहला, युद्ध का चरित्र मुख्य रूप से बदलती टेक्नोलॉजी की वजह से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी में बढ़त सिर्फ अस्थायी है और लगातार सुधार करते रहना होगा, क्योंकि आज का सबसे आधुनिक हथियार कल पुराना हो जाएगा और जो देश रोज नई टेक्नोलॉजी नहीं बनाएगा वह पीछे रह जाएगा।
दूसरा कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध और शांति के बीच का फर्क धुंधला हो रहा है और देश लगातार टकराव की स्थिति में है। उनके अनुसार, दुश्मन धीरे-धीरे और चालाकी से कॉग्निटिव वारफेयर यानी दिमागी युद्ध थोप रहा है, जो बिना गोली के चल रहा है और इसलिए पता भी नहीं चलता कि युद्ध चल रहा है।
तीसरे कारण के रूप में सीडीएस ने कहा कि भारत को अपना टेम्पलेट बनाना होगा और किसी और के बताए टेम्पलेट को नहीं देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका, चीन या रूस का तरीका भारत पर लागू नहीं होगा, क्योंकि भारत की जियोग्राफी, दुश्मन, बजट और खतरे सब अलग हैं। इसलिए भारत का अपना युद्ध मॉडल होना चाहिए।
