मुंबई हाईकोर्ट ने गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के मुंबई स्थित घर को मस्जिद बताने पर याचिकाकर्ता को फटकार लगाई है। कोर्ट ने बुधवार को कहा कि अदालत को गुमराह न किया जाए। मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की बेंच ने इमारत गिराने पर लगी रोक 30 नवंबर तक बढ़ा दी। साथ ही परिसर में नमाज पढ़ने और किसी के भी अंदर जाने पर रोक का आदेश दिया।
दरअसल, 19 नवंबर को बीएमसी जब दो मंजिला मुसाफिरखाना गिराने पहुंची, उसी दिन अब्दुल रजाक और अमीराली वजीराली पंजवानी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया कि यह मस्जिद है। तब कोर्ट ने यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। बुधवार को दूसरी सुनवाई में बेंच ने यह रोक 30 नवंबर तक के लिए बढ़ा दी।
बीएमसी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अनिल साखरे ने कोर्ट को बताया कि इमारत बेहद जर्जर है और आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि यह एक इमारत है, मस्जिद नहीं, जैसा याचिकाकर्ता दावा कर रहे हैं। उनके मुताबिक, 2007 से इसके कई छोटे हिस्से गिर रहे हैं और इसमें कोई नहीं रहता। याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने दोहराया कि इमारत में मस्जिद है और वहां दिन में पांच बार नमाज अदा की जाती है। उन्होंने रोजाना या कम से कम शुक्रवार की नमाज की अनुमति मांगी, जिसे कोर्ट ने इनकार कर दिया। पीठ ने कहा कि इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए 30 नवंबर तक कोई भी परिसर में प्रवेश नहीं करेगा और सवाल किया कि अगर कोई अप्रिय घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना नाम की यह इमारत 1939 में बनी थी। बीएमसी ने इसे जर्जर और खतरनाक घोषित करते हुए C-1 श्रेणी में रखा था, जिसमें ऐसी इमारतें आती हैं जिन्हें खतरनाक मानकर गिराना जरूरी होता है। बीएमसी ने 18 और 19 नवंबर को इमारत गिराने की योजना बनाई थी और भारी पुलिस सुरक्षा के बीच तोड़फोड़ शुरू हुई थी, मगर आपत्ति के बाद कार्रवाई रोक दी गई। बता दें कि दाऊद इब्राहिम और उसका परिवार 1970 के दशक में इसी इमारत में रहता था। 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों के मास्टरमाइंड दाऊद के बारे में रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पाकिस्तान में है।
