महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुटे का 72 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने उनके निधन पर दुख जताया है।

राहुल नार्वेकर ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली में दिल का गंभीर दौरा पड़ने के बाद राज्यसभा सदस्य रामराव वडकुटे के निधन की खबर बेहद दुखद और दिल तोड़ने वाली है। वडकुटे महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के रहने वाले थे। भाजपा ने कुछ महीने पहले ही उन्हें राज्यसभा भेजा था।

वडकुटे धनगर समाज को अनुसूचित जनजाति के तहत आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे थे। विधान परिषद के सदस्य रहते हुए भी उन्होंने राज्य सरकार के सामने यह मांग उठाई थी। राज्यसभा सांसद बनने के बाद भी उन्होंने इस मुद्दे पर प्रयास जारी रखे। परभणी में धनगर आरक्षण को लेकर निकाली गई रैली के दौरान भी उन्होंने राज्य सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच तालमेल बनाने का काम किया था।

उन्होंने 1988 में धनगर समाज उन्नति मंडल, परभणी के अध्यक्ष पद से अपने सामाजिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रूप से काम किया और 2004 का विधानसभा चुनाव कलमनुरी सीट से लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2014 में पार्टी ने उन्हें विधान परिषद का सदस्य नियुक्त किया। 14 अक्तूबर 2019 को उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें हिंगोली जिले का अध्यक्ष बनाया, और मार्च 2026 में राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया।