भोपाल मास्टर प्लान 2047 के ड्राफ्ट पर अब तक 10 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं, जिन पर सुनवाई जारी है। हुजूर तहसील में टीएंडसीपी और जिला प्रशासन की संयुक्त सुनवाई के दौरान गुरुवार को 112 आपत्तिकर्ताओं ने अपना पक्ष रखा। सुनवाई में नागरिकों के साथ बिल्डर प्रतिनिधियों ने भी प्रस्तावित प्रावधानों में बदलाव की मांग की।

रातीबड़-नीलबड़ क्षेत्र को आरजी-5 में शामिल किए जाने का विरोध किया गया। आपत्तिकर्ता कमल राठी ने कहा कि यहां न्यूनतम 11 हजार वर्गफीट भूखंड की शर्त लागू होने से पहले से बने छोटे मकानों के मालिकों के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है। उन्होंने इस प्रावधान में बदलाव की मांग की। हमीदिया रोड के लैंड यूज को आवासीय करने पर भी आपत्ति जताई गई। तर्क दिया गया कि यह क्षेत्र लंबे समय से शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल है, इसलिए इसका व्यावसायिक स्वरूप बना रहना चाहिए। पश्चिमी इनर रिंग रोड को हटाने के प्रस्ताव पर भी असहमति दर्ज की गई।

आपत्तिकर्ताओं ने मास्टर प्लान को पर्यावरणीय और वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर बनाने पर जोर दिया। मांग की गई कि पर्यावरण प्लान, क्लाइमेट एक्शन प्लान, सेप्ट की अपर लेक रिपोर्ट, भूजल सर्वेक्षण विभाग की एक्विफर रिपोर्ट और बायोडायवर्सिटी इंडेक्स को प्रस्तावित योजना में शामिल किया जाए। क्रेडाई अध्यक्ष मनोज सिंह मीक ने भूमि पुनर्गठन में मूल जमीन के बदले मिलने वाले भूखंडों के अनुपात की समीक्षा की मांग की और गुजरात मॉडल का उदाहरण दिया।

सुनवाई में अवैध निर्माणों के नियमितीकरण से जुड़े प्रावधान को हटाने की मांग भी उठी। कमल राठी ने तर्क दिया कि नियमों का पालन कर निर्माण करने वालों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। सुनवाई में सामने आई आपत्तियों से स्पष्ट है कि राजधानी के विकास की दिशा, जमीन के उपयोग और निर्माण संबंधी नियमों को लेकर कई वर्गों में असहमति है। प्रशासन और संबंधित विभागों के निर्णय के बाद ही प्रस्तावित योजना का अंतिम स्वरूप सामने आएगा।