राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि आज के युवा झूठ को पसंद नहीं करते और सच बोलने वालों के साथ खड़े होने को तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी गुलामी की सोच से बाहर निकल चुकी है और देश को महान बनाना चाहती है। भागवत बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे।

भागवत ने कहा कि मौजूदा समय में भारत को बाहरी दुश्मनों से ज्यादा अंदरूनी खतरों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत की सोच सबसे अलग है और देश सभी की मदद करना चाहता है, यहां तक कि उन पड़ोसी देशों की भी जो उससे नफरत करते हैं। उनके अनुसार, भारत मानता है कि ताकत का इस्तेमाल कमजोर लोगों की रक्षा और शांति कायम करने के लिए होना चाहिए। भागवत ने कहा कि अच्छे काम करने वालों से सीखना चाहिए और उनके काम की सराहना करनी चाहिए। अगर किसी ने अपने फायदे के लिए भी अच्छा काम किया है, तो उससे सीखने में कोई बुराई नहीं है।

पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। वे इस लक्ष्य में सबसे ज्यादा योगदान देंगे और इसका सबसे ज्यादा फायदा भी उन्हें ही मिलेगा। चौहान ने कहा कि दुनिया में अभी सुरक्षा की स्थिति खराब है और ताकत का संतुलन बदल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित देश नहीं चाहेंगे कि भारत सफल, विकसित और प्रभावशाली देश बने और ऐसे देश भारत की तरक्की के रास्ते में रुकावट डाल सकते हैं।