बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की अवामी लीग पर देश को अस्थिर करने की साज़िश रचने का आरोप लगाया है। भारत की सीमा से लगे उत्तर-पश्चिमी ज़िले लालमोनिरहाट में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए रहमान ने अवामी लीग के समर्थकों पर अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा लेने का आरोप लगाया। हसीना की पार्टी की ओर से देशभर में एक दिन के बंद के आह्वान के बाद कुछ इलाकों में हिंसा हुई।

रिपोर्टों के मुताबिक़, गुरुवार को प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के नेताओं तथा बीएनपी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसा में कम से कम चार लोगों की मौत हुई। स्थानीय मीडिया में ख़बरें हैं कि पूर्व मुख्य अंतरिम सलाहकार मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग लगा दी गई। रिपोर्टों के मुताबिक़, बुधवार को नाराइल में विरोध प्रदर्शन मार्च से लौटते समय हुए हमले में बीएनपी के दो नेताओं की हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि हमलावर प्रतिबंधित अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता थे।

रिपोर्टों के अनुसार, गुरुवार तक देश के 18 ज़िलों में हिंसा फैल गई। मंगलवार रात से ही देश के विभिन्न हिस्सों में हुई आगजनी, तोड़फोड़ और कॉकटेल विस्फोटों में बसों, पुलिस स्टेशनों, बीएनपी कार्यकर्ताओं के घरों, पार्टी कार्यालयों और ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर हमले हुए। बुधवार को गोपालगंज में व्यापक हिंसा देखने को मिली, जहां राजमार्गों पर गाड़ियों में आगजनी की गई और पेड़ काटकर आवागमन को बाधित करने की कोशिश की गई। ये प्रदर्शन और हिंसा भारत से शेख़ हसीना की संभावित वापसी को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुए। तोड़फोड़ और अशांति फैलाने के आरोप में अवामी लीग के कई नेताओं को गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं।

सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, तारिक़ रहमान ने कहा कि देश के लोग जबरन ग़ायब किए जाने, हत्याओं, आगजनी, आतंकवाद और लोगों के मतदान का अधिकार छीनने वाली राजनीति की ओर लौटना नहीं चाहते। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने की अपील की। यह टिप्पणी ऐसे समय आई, जब आगजनी, देसी बम धमाकों और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद बांग्लादेश के सात जिलों में करीब 3,000 अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया और कई हिस्सों में परिवहन सेवाएं बाधित हुईं। रहमान ने किसी देश का नाम लिए बिना कहा कि अवामी लीग सरकार ने सीमा पार बैठे अपने आकाओं के हितों की सेवा की और सत्ता से बेदखल होने के बाद भी पार्टी के नेता आगजनी और हत्याओं की राजनीति कर रहे हैं।

79 वर्षीय शेख़ हसीना 5 अगस्त, 2024 को बांग्लादेश से जाने के बाद से भारत में रह रही हैं, जब छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। अवामी लीग ने गुरुवार को सुबह से रात तक बंद का आह्वान किया था। यह फैसला सरकार की ओर से हसीना की उस अपील को ख़ारिज किए जाने के बाद लिया गया, जिसमें उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की अपनी योजना को आसान बनाने के लिए पासपोर्ट जारी करने की मांग की थी। यह बंद पिछले साल विशेष न्यायाधिकरण की ओर से सुनाए गए उस फैसले की बरसी के दिन भी हुआ, जिसमें हसीना को मौत की सज़ा सुनाई गई थी। न्यायाधिकरण ने प्रदर्शनकारियों पर उनकी सरकार की कार्रवाई को लेकर मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाने के बाद यह फैसला सुनाया था। हसीना ने अपने खिलाफ लगे आरोपों और न्यायाधिकरण की कार्यवाही को खारिज किया है।

सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी गई। अधिकारियों के मुताबिक़, गोपालगंज में प्रदर्शनकारियों ने काशियानी में एक पुलिस थाने, एक सांसद के आवास और उनके रिश्तेदारों तथा समर्थकों के कई घरों में आग लगा दी। ढाका में सुबह होने से पहले कई देसी बम धमाके हुए, जबकि नारायणगंज, मैमनसिंह और राजशाही में अलग-अलग घटनाओं में अ