थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक का सुवर्णभूमि एयरपोर्ट अपने संस्कृत नाम और भारतीय संस्कृति से गहरे जुड़ाव के लिए जाना जाता है। इस एयरपोर्ट का नाम संस्कृत में है, जिसका अंग्रेजी अनुवाद 'गोल्डन लैंड' होता है। यह दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में से एक है, जिसे साल 2006 में आधिकारिक नाम दिया गया था।

इस नाम को थाईलैंड के चक्री राजवंश के नौवें राजा भूमिबोल अतुल्यतेज ने दिया था। कहा जाता है कि यह नाम राजा के नाम के पहले शब्द और अपने राज्य को गोल्डन लैंड बनाने के सपने की वजह से दिया गया। दूसरी वजह बौद्ध धर्म और दक्षिण एशिया के प्राचीन ऐतिहासिक ग्रंथों से जुड़ी है, जिनमें भारत के पूर्व में स्थित देशों को सुवर्णभूमि का दर्जा दिया गया था। इनमें थाईलैंड, म्यांमार और कंबोडिया जैसे देश शामिल हैं।

थाईलैंड में बौद्ध धर्म का पालन होता है, लेकिन यहां की संस्कृति पर हिंदू धर्म का गहरा प्रभाव है। यही वजह है कि एयरपोर्ट टर्मिनल के बीचोंबीच बनी एक विशाल मूर्ति समुद्रमंथन की कहानी कहती है, जिसमें देवता और असुर क्षीरसागर का मंथन करते नजर आते हैं। एयरपोर्ट के अंदर भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ की भी मूर्ति है। हिंदू धर्म में गरुड़ का जितना विशेष स्थान है, उतना ही महत्व थाईलैंड में भी है, क्योंकि गरुड़ उर्फ 'फ्रा ख्रुत फा' इस देश का राष्ट्रीय प्रतीक है।

कहा जाता है कि पहली सहस्राब्दी ईस्वी में भारत से कई व्यापारी थाईलैंड की ओर गए थे। ये लोग अपने साथ संस्कृत भाषा, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं और रीति-रिवाज भी लेकर गए, जिससे थाईलैंड में हिंदू धर्म का प्रचार-प्रसार हुआ। नतीजतन, आज बैंकॉक के बीच में ब्रह्मा जी को समर्पित एरावन मंदिर है, साथ ही भगवान विष्णु, भगवान शिव और भगवान गणेश से भी लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।