गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने मामले की अगली तारीख 16 दिसंबर तय की है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद आजम खां को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर उन्हें राहत मिल चुकी है। सुप्रीम कोर्ट ईडी की चुनौती वाली याचिका खारिज कर चुका है।

आजम खां को 31 अक्तूबर को रामपुर जेल से बाहर आने के बाद ईडी ने गिरफ्तार किया था। एक नवंबर को उन्हें गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। इसके बाद अदालत ने 12 से 16 नवंबर तक ईडी को चार दिन की कस्टडी रिमांड दी थी। इस दौरान ईडी ने मामले से जुड़े तथ्यों और वित्तीय लेनदेन की जांच की।

ईडी की जांच में सरकारी ठेकों से प्राप्त रकम को कथित तौर पर दूसरी जगह भेजने, ट्रस्ट को मिले चंदे और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के आरोप शामिल हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, ट्रस्ट से जुड़ी जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, उनका सरकारी मूल्य करीब 426.46 करोड़ रुपये है, जबकि बाजार मूल्य करीब 1,170 करोड़ रुपये आंका गया है।

आजम खां की ओर से गिरफ्तारी के खिलाफ और जमानत की राहत के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की गई थीं। वहां उनकी ओर से दलीलें रखी गईं, जिसके बाद 17 नवंबर को उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने आजम खां को मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ ईडी की याचिका खारिज कर दी थी। अब गाजियाबाद की विशेष अदालत में मामले की सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।