भारतीय सेना ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर आर्थिक गलियारे (राष्ट्रीय राजमार्ग-754ए) पर चार सूक्ष्म विमानों को उतारा और उन्हीं से उड़ान भी भरी। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसका वीडियो साझा करते हुए इसे भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तालमेल का ऐतिहासिक प्रदर्शन बताया।

गडकरी के अनुसार, यह अभ्यास राष्ट्रीय राजमार्ग के 946वें और 949वें किलोमीटर के बीच किया गया। इसमें भारतीय सेना की टीम माउंटेन ईगल्स के चार सूक्ष्म विमान शामिल थे, जो 'विंग्स ऑफ वैलोर एंड यूनिटी एक्सपेडिशन' में हिस्सा ले रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की विश्वस्तरीय राजमार्ग ढांचा विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे देश में आवागमन की सुविधा मजबूत होगी, आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और सशस्त्र बलों की रणनीतिक व परिचालन संबंधी जरूरतें भी पूरी होंगी।

गडकरी ने कहा कि इससे राष्ट्रीय राजमार्गों की क्षमता का पता चलता है और सुरक्षा उपायों तथा आपसी तालमेल के साथ हवाई रोमांच से जुड़ी गतिविधियों, पर्यटन और नई तरह की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने इस सफलता पर टीम माउंटेन ईगल्स, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सभी संबंधित अधिकारियों को बधाई दी तथा इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया।