केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को अरुणाचल प्रदेश की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन सहकारी सम्मेलन में भाग लेंगे और एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक शाह सुबह दोरजी खांडू स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे और 'अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेशन विजन डॉक्यूमेंट 2047' जारी करेंगे। इस दौरान सहकारिता पुरस्कार भी दिए जाएंगे और 'सरस मेला' का उद्घाटन होगा। शाह सहकारिता मंत्री भी हैं।
अरुणाचल पहुंचने पर हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत राज्य के गणमान्य लोगों ने शाह का स्वागत किया। अधिकारी के अनुसार शाह दोपहर में होलोंगी जाकर एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे। वे शुक्रवार रात राज्य पहुंचे थे और रविवार शाम को नई दिल्ली लौटेंगे।
इससे पहले शनिवार को बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में सुरक्षाकर्मियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' (SUMP) राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। यह अरुणाचल के विकास और रणनीतिक हितों के लिए अहम है। उन्होंने सियांग घाटी के लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं का समाधान बातचीत से निकाला जाएगा।
शाह का यह आश्वासन ऐसे समय आया है जब स्थानीय 'आदि' समुदाय के कुछ वर्ग, खासकर सियांग और अपर सियांग जिलों के निवासी, प्रस्तावित मेगा बांध का लगातार विरोध कर रहे हैं। इन लोगों ने परियोजना से अपनी पुश्तैनी जमीन, गांवों, आजीविका, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।