इलाहाबाद हाई कोर्ट ने UPPCS प्रारंभिक परीक्षा-2025 का एक दिसंबर 2025 को घोषित परिणाम रद्द कर दिया है। कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को नई मेरिट सूची बनाकर मुख्य परीक्षा दोबारा कराने और आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। इस फैसले से हजारों परीक्षार्थियों के प्रभावित होने के आसार हैं।

न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने यह फैसला संजय कुमार व तीन अन्य की याचिका पर सुनाया। याचियों का कहना था कि सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित सूची में शामिल नहीं किया गया। आयोग के हलफनामे के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा में ऐसे अभ्यर्थियों में 2,993 ओबीसी, 464 एससी, 155 एसटी और 921 ईडब्ल्यूएस वर्ग के थे। मुख्य परीक्षा में यह संख्या क्रमशः 579, 158, 5 और 168 रही।

आयोग व राज्य सरकार की दलील थी कि प्रारंभिक परीक्षा केवल छंटनी परीक्षा है और मेधावी आरक्षित अभ्यर्थियों का अनारक्षित श्रेणी में समायोजन अंतिम चयन के समय ही हो सकता है। कोर्ट ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि अनारक्षित श्रेणी हर चरण में सभी के लिए खुली है और इसे केवल आरक्षण का दावा न करने वालों तक सीमित करना मनमाना और असंवैधानिक है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि हर चरण में पहले विशुद्ध मेरिट से अनारक्षित सूची और उसके बाद आरक्षित वर्गों की सूचियां बनें। विज्ञापन की शर्त संख्या 19 भी रद कर दी गई, जिसका आधार नौ जनवरी 2020 का आयोग का कार्यालय ज्ञाप है, जो पंकज वर्मा मामले में पहले ही निरस्त किया जा चुका है।

प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्तूबर 2025 को हुई थी और 11,727 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए थे। लगभग 200 पदों की इस भर्ती के साक्षात्कार सितंबर 2026 में शुरू हुए थे, लेकिन कोर्ट ने अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा रखी थी।