दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ घरों के अंदर साफ हवा के लिए एयर प्यूरिफायर का इस्तेमाल बढ़ रहा है। बाज़ार और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ये मशीनें करीब 999 रुपये से लेकर 80 हज़ार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। सवाल यह है कि क्या कीमत के साथ इनकी गुणवत्ता और काम करने की क्षमता भी बदलती है। इसी को समझने के लिए कुछ परिवारों, दुकानदारों और विशेषज्ञों से बात की गई।
दिल्ली में रहने वाली श्वेता के मुताबिक, पहले उनके परिवार के सदस्यों को बार-बार खांसी और जुकाम की शिकायत होती थी और सास-ससुर को नेबुलाइज़र का इस्तेमाल करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि बाहर का एक्यूआई करीब 210 था, जबकि घर के अंदर यह लगभग 30 दर्ज किया गया। 69 वर्षीय संगीता नाकरा पिछले तीन साल से एयर प्यूरिफायर का इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी होती थी, जिसके बाद बच्चों ने घर में यह मशीन लगाई।
दिल्ली की एक दुकान संचालक संगीता के मुताबिक, पहले उनकी दुकान पर सामान्य दिनों में तीन से चार एयर प्यूरिफायर बिकते थे, जो अब बढ़कर रोज़ाना 15 से 20 यूनिट तक पहुंच गए हैं। उनका कहना है कि लोग पहले इसे लग्ज़री प्रोडक्ट मानते थे, लेकिन अब इसे ज़रूरत समझकर खरीद रहे हैं। मांग में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी दिवाली के आसपास और उसके बाद देखने को मिलती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंसल्टिंग फर्म 'द नॉलेज कंपनी' ने वित्त वर्ष 2025 में भारत के एयर प्यूरिफायर बाज़ार का आकार करीब 320 करोड़ रुपये आंका था और अनुमान लगाया था कि वित्त वर्ष 2030 तक यह बाज़ार एक हज़ार करोड़ रुपये का हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 तक देश में कुल बिक्री में दिल्ली-एनसीआर की हिस्सेदारी करीब 80 फ़ीसदी थी।
इंडोर एयर क्वालिटी एक्सपर्ट माधव नारंग ने बताया कि एयर प्यूरिफायर खरीदने से पहले यह देखना ज़रूरी है कि उसे किस जगह इस्तेमाल किया जाना है और उस जगह का आकार कितना है। उनके मुताबिक, मशीन चुनते समय उसका सीएडीआर यानी क्लीन एयर डिलीवरी रेट देखना चाहिए, जो बताता है कि मशीन एक घंटे में कितनी फ़िल्टर की गई साफ़ हवा दे सकती है। सीएडीआर जितना अधिक होगा, हवा उतनी तेज़ी से साफ़ होगी। इसमें कमरे का आकार, छत की ऊंचाई और एक घंटे में हवा को कितनी बार साफ करना है, यह भी ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ एयर प्यूरिफायर में सिर्फ हेपा फिल्टर होता है, जबकि कुछ में हेपा के साथ एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर भी लगा होता है। हेपा फिल्टर की एच13 और एच14 जैसी अलग-अलग श्रेणियां होती हैं।
