आगरा में एक महिला ने पति पर अन्य महिला से संबंध होने का शक जताते हुए उसका पीछा किया और उसके कार्यालय तक पहुंच गई। अधिकारियों के अनुसार, दोनों के बीच विवाद के बाद महिला ने बुधवार देर रात हाईवे पर जान देने का प्रयास किया। वाटर वर्क्स फ्लाईओवर के पास उसने पहले एक कार के आगे कूदने की कोशिश की, लेकिन चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर उसे बचा लिया। इसके बाद महिला फ्लाईओवर की रेलिंग पर चढ़कर यमुना नदी में छलांग लगाने का प्रयास करने लगी।

पुलिस के मुताबिक, उसी दौरान वहां से गुजर रहे बल्केश्वर चौकी प्रभारी रिक्की पूनिया की नजर महिला पर पड़ी। उनके शोर मचाने पर राहगीर योगेश ने तत्परता दिखाते हुए महिला की ओर दौड़ लगाई और उसका सूट उसके हाथ में आ गया। दारोगा और राहगीरों ने महिला को रेलिंग से नीचे उतारकर चौकी पहुंचाया।

चौकी में महिला पति पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए लगातार रोती रही। महिला पुलिसकर्मियों ने करीब एक घंटे तक उसकी काउंसलिंग की। आधी रात के बाद पति और परिवार के लोग महिला के छह वर्षीय बेटे को साथ लेकर चौकी पहुंचे। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि काउंसलिंग के बाद महिला परिवार के साथ जाने को राजी हो गई।

बताया गया है कि महिला एटा के जलेसर की रहने वाली है और उसका पति संजय प्लेस में एक कंपनी में कर्मचारी है। महिला को शक था कि उसके पति के किसी महिला से संबंध हैं, जिसके बाद वह बुधवार शाम को पति के कार्यालय पहुंची थी।