सोशल मीडिया कंपनी मेटा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ गया है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स रोके जाने के विरोध में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा के कार्यालयों पर प्रदर्शन किया। हैदराबाद के रायदुर्गम स्थित आईटी परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने तेलंगाना युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिव चरण रेड्डी समेत 21 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

रायदुर्गम पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे की है। हाथों में तख्तियां लिए लगभग 25 कांग्रेस कार्यकर्ता रायदुर्गम स्थित 'स्काई व्यू' के सुरक्षा-नियंत्रित परिसर में दाखिल हुए, जहां मेटा का कॉर्पोरेट कार्यालय है। प्रदर्शनकारियों ने परिसर के भीतर नारेबाजी की और गलियारे में रखे फूलों के गमले तथा अन्य सामान तोड़ दिया। इसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए। रायदुर्गम इंस्पेक्टर टी. भूपति ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में ले लिया। बाद में जरूरी जमानत मुचलके पेश करने पर सभी को रिहा कर दिया गया।

विवाद की शुरुआत यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट्स रोके जाने से हुई थी। कंपनी द्वारा दोनों खाते तुरंत बहाल किए जाने के बाद भी युवा कांग्रेस ने मेटा पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाते हुए अपना रुख सख्त कर लिया है।

संगठन ने 'एक्स' पर मेटा को भाजपा का बेटा बताते हुए कहा कि भारत एक लोकतंत्र है, किसी की निजी संपत्ति नहीं। युवा कांग्रेस ने मेटा से निष्पक्ष मंच के रूप में काम करने की अपील की और सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए विपक्षी आवाजों, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स पर लगे सभी प्रतिबंधों तथा पोस्ट्स से पाबंदियां हटाने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि समयसीमा में मांगें पूरी न होने पर वह यह लड़ाई अदालतों, सड़कों और कंपनी के दफ्तरों तक लेकर जाएगी।