आजम खां की रिहाई से समाजवादी पार्टी को राहत मिलने की बात कही जा रही है। विनोद अग्निहोत्री के अनुसार, उनके आने से ओवैसी को काउंटर करने का एक चेहरा सपा को मिल गया है। लंबे समय तक जेल में रहने से मुस्लिम समुदाय में उनके प्रति सहानुभूति बनी है, जिसका फायदा सपा को मिल सकता है। हालांकि, सपा और आजम खां को यह ध्यान रखना होगा कि वे इतना आक्रामक तरीके से न बोलें कि उसका फायदा भाजपा उठाए।

अयोध्या के बाद मथुरा को लेकर पूछे गए सवाल पर राकेश शुक्ला का कहना है कि कृष्ण जन्मभूमि का मसला भाजपा के एजेंडे में कभी नहीं रहा है। यह मामला विशुद्ध तौर पर योगी आदित्यनाथ का है। पिछले साढ़े नौ साल में योगी आदित्यनाथ वहां 40 से ज्यादा बार गए हैं और हजारों करोड़ रुपये वहां के विकास के लिए दिए जा चुके हैं। कृष्ण जन्मभूमि के एजेंडे पर भाजपा के आने से यह साफ हो गया है कि भाजपा योगी आदित्यनाथ के मुद्दे पर लड़ेगी।

सीजेपी के उत्तर प्रदेश चुनाव में उतरने के सवाल पर पूर्णिमा त्रिपाठी का कहना है कि सीजेपी ने अब तक एक राजनीतिक दल के तौर पर खुद को पंजीकृत नहीं कराया है। आगे वे क्या करेंगे, यह पता नहीं है। वे जिसके साथ भी जाएंगे, उसका फायदा उस दल को जरूर होगा। अब तक की स्थिति में वे उत्तर प्रदेश में सपा के साथ जा सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो सपा-कांग्रेस गठबंधन के साथ युवाओं को जोड़ने का एक अच्छा कदम होगा।

चुनाव अखिलेश बनाम योगी ही होगा या नहीं, इस पर विनोद अग्निहोत्री का कहना है कि अखिलेश और योगी अगर नहीं चाहें तो भी यह चुनाव अखिलेश बनाम योगी ही होगा। अखिलेश गोरखपुर इसलिए गए क्योंकि यह योगी का गढ़ तो है ही, साथ ही पूर्वांचल में ब्राह्मण राजनीति का गढ़ भी रहा है। ब्राह्मण वोटों को कैप्टलाइज करने के लिए भी अखिलेश गोरखपुर गए। योगी अखिलेश को चुनौती दे रहे हैं कि अयोध्या से लड़ लीजिए।